- 09 May, 2025
वेटिकन सिटी, 9 मई 2025:
पोप लियो XIV, जिनका जन्म कार्डिनल रॉबर्ट फ्रांसिस प्रेवोस्ट के रूप में शिकागो में हुआ था, अब तक के पहले अमेरिकी पोप बन गए हैं। हालांकि उनका जीवन अमेरिकी सीमाओं से कहीं आगे तक फैला हुआ है। उनकी जीवन यात्रा वैश्विक सेवा, सांस्कृतिक समावेशन और व्यक्तिगत रुचियों से समृद्ध है, जो कलीसिया के इस नए चरवाहे के मानवीय पक्ष को उजागर करती है।
हालांकि वे जन्म से अमेरिकी हैं, वेटिकन में कई लोग पूर्व कार्डिनल प्रेवोस्ट को अमेरिकी कार्डिनलों में सबसे कम अमेरिकी मानते हैं। उन्होंने पेरू के त्रुजिलो में एक दशक से अधिक समय तक मिशनरी के रूप में सेवा की, जहाँ उन्होंने दूरस्थ और वंचित समुदायों में काम किया। उन्होंने स्पेनिश भाषा में दक्षता प्राप्त की और 2015 में पेरू की नागरिकता भी हासिल की। बाद में उन्हें चिकलायो का धर्माध्यक्ष नियुक्त किया गया, जहाँ उन्होंने 2023 तक सेवा की। उनकी यह द्वैध पहचान अब उत्तर और दक्षिण अमेरिका के बीच एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक सेतु का प्रतिनिधित्व करती है, जो उनके संत पिता के कार्यालय की विशेषता बन सकती है।
पोप लियो XIV की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी अत्यंत समृद्ध है। उन्होंने विलानोवा विश्वविद्यालय से गणित में स्नातक की डिग्री प्राप्त की, जो उनके तार्किक और संरचनात्मक सोच को दर्शाता है—यह भविष्य में कैनन कानून के विशेषज्ञ बनने के लिए उपयुक्त आधार था। शिकागो में धर्मशास्त्र का अध्ययन करने के बाद, उन्हें रोम भेजा गया जहाँ उन्होंने कलीसियाई कानून में उच्च शिक्षा प्राप्त की। बाद में वे पेरू लौटे और वहाँ इस विषय को पढ़ाया, जिससे उनके शैक्षणिक अनुशासन और पास्तारीय प्रतिबद्धता का समन्वय हुआ।
पद और धर्मशास्त्रीय ग्रंथों से परे, पोप लियो XIV सरल और आनंदित व्यक्ति हैं। वे टेनिस के शौकीन हैं, स्वयं को "काफी शौकिया" बताते हैं और वर्षों बाद फिर से टेनिस कोर्ट पर लौटने की आशा व्यक्त करते हैं। अपने ख़ाली समय में, उन्हें पढ़ना, टहलना और "नई और विविध जगहों" की खोज करना पसंद है, जो दुनिया के प्रति उनकी जिज्ञासा का प्रमाण है।
अब, एक अरब से अधिक कैथोलिकों के आध्यात्मिक चरवाहे के रूप में, संत पिता लियो XIV न केवल अनुभव और विश्वास लेकर आए हैं, बल्कि एक ऐसा व्यक्तिगत जीवन भी लाये हैं, जो विनम्रता, सांस्कृतिक सहानुभूति और बौद्धिक गहराई में निहित है। उनका वैश्विक दृष्टिकोण और दैनिक जीवन के प्रति उनका लगाव उन्हें व्यापक और विविध समुदायों से जुड़ने में मदद कर सकता है।
अभिषेक बेनेडिक्ट द्वारा अनुवादित
© 2025 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP